Thursday, October 22nd, 2026

जल्द ही भारत का दौरा करेंगे ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, PM मोदी का न्योता स्वीकार

 नई दिल्ली 
यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारत आने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने मंगलवार को कहा, जैसे ही परिस्थितियों की अनुमति होगी, ब्रिटिश प्रधान अपनी यात्रा की योजना बनाएंगे। पीएम मोदी ने सोमवार को COP26 जलवायु शिखर सम्मेलन के मौके पर बोरिस जॉनसन को आमंत्रित किया। दोनों नेताओं ने हरित हाइड्रोजन, नवीकरणीय और स्वच्छ प्रौद्योगिकी, अर्थव्यवस्था और रक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।


बोरिस जॉनसन पहले इस साल जनवरी में गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि के रूप में भारत आने वाले थे, लेकिन कोरोना महामारी की स्थिति के कारण उनकी यात्रा रद्द कर दी गई थी। ब्रिटिश प्रधानमंत्री की भारत यात्रा दो बार रद्द करने के बाद ग्लासगो में COP26 शिखर सम्मेलन में मोदी और बोरिस जॉनसन के बीच की बैठक दोनों नेताओं के बीच पहली व्यक्तिगत बातचीत थी।

दोनो नेताओं ने जलवायु परिवर्तन को कम करने के लिए द्विपक्षीय सहयोग सहित कई विषयों पर बात की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में जॉनसन का जल्द ही स्वागत करने की अपनी इच्छा दोहराई। एक दिन के भीतर, विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने पुष्टि की कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
  

ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त गायत्री इस्सर कुमार ने प्रधानमंत्री वार्ता से पहले कहा, "दोनों सरकारें निर्धारित समय सीमा के भीतर रोडमैप के कार्यान्वयन के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम मार्च 2022 में एक अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए नवंबर 2021 में बातचीत शुरू करना चाहते हैं और सब कुछ ठीक रहा तो नवंबर 2022 तक व्यापक समझोता होगा।"

प्रधानमंत्री मोदी ने जॉनसन को COP26 के सफलतापूर्वक आयोजन और जलवायु परिवर्तन शमन और अनुकूलन के लिए वैश्विक कार्रवाई का समर्थन करने के लिए भी बधाई दी।

 

#ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन

Source : Agency

पाठको की राय