चौथे टेस्ट में बैटिंग करना होगा आसान: जैक क्रॉउली
अहमदाबाद
इंग्लैंड के युवा सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉउली ने भारतीय उपकप्तान अजिंक्य रहाणे से सहमति जताते हुए मंगलवार को कहा कि नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच पहले की तरह ही होगी लेकिन लाल गेंद होने से बल्लेबाजी आसान रहेगी। भारत ने इस मैदान पर पिछले टेस्ट में इंग्लैंड को 10 विकेट से हराया था। मेजबान टीम अब वर्ल्ड चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए सीरीज 3-1 से जीतना चाहेगी। क्रॉउली ने मंगलवार से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट से पहले कहा, ''मुझे लगता है कि यह वैसी ही पिच होगी। उस पर रन बनाना आसान नहीं था लेकिन वह दोनों टीमों के लिए था। उन्होंने हमसे बेहतर खेला लेकिन हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।'' यह पूछने पर कि क्या इस टेस्ट में बल्लेबाजी आसान होगी, उन्होंने कहा कि यह पिच पर निर्भर होगा लेकिन मुझे लगता है कि थोड़ा आसान होगा। उन्होंने कहा कि पिंक बॉल थोड़ी कठोर होती है और तेजी से फिसलती है। यही वजह है कि अक्षर को एलबीडब्ल्यू और बोल्ड करके ज्यादा विकेट मिले। उन्होंने दो टेस्ट में 18 विकेट ले चुके अक्षर पटेल की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहतरीन गेंदबाज है, खासकर इन हालातों में। वह काफी सटीक गेंदबाजी कर रहा है और रन बनाने के मौके नहीं देता।

पाठको की राय