Wednesday, October 21st, 2026

चेट्रीचंड पर सरकारी अवकाश की मांग, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन

रायपुर। राष्ट्रीय सिंध युवा बिग्रेड के प्रदेश अध्यक्ष विशाल कुकरेजा के नेतृत्व में सिंधी समाज के युवाओं ने चेंट्रीचंड पर शासकीय अवकाश की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम आज कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कुकरेजा ने भगवान झूलेलाल के अवतरण दिवस चेट्रीचंड पर समाज के लोगों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील भी किया।

पिछले कई सालों से सिंधी समाज के लोग राज्य सरकार से लगातार चेट्रीचंड पर अवकाश की मांग कर रहे है लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ भी नहीं मिलता हैं। इस बार राष्ट्रीय सिंध युवा बिग्रेड के प्रदेशाध्यक्ष विशाल कुकरेजा के नेतृत्व में 16 जिलों के अध्यक्षों ने अपने - अपने जिलों में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेट्रीचंड पर्व पर शासकीय अवकाश की मांग की है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा गया।

कुकरेजा ने बताया कि पिछले साल कोरोना महामारी के चलते कहीं भी शोभायात्रा नहीं निकाली गई थी, लेकिन इस बार विशेष उत्साह के साथ भगवान झूलेलाल के अवतरण दिवस चेट्रीचंड पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय प्रवक्ता मुखी शंकरलाल वरनदानी, प्रदेश संगठन मंत्री महेश जयसिंघानी, गावरी, प्रदेश सचिव पंकज मोहनानी, टेहल्यानी, योगेश भाटिया, यश नागवानी, आकाश पंजवानी, प्रेम मेघजानी, प्रतीक गावरी शामिल थे।

 

Source : Agency

पाठको की राय