चुनाव से पहले TMC कार्यकर्ता की हत्या, BJP पर आरोप
जलपाईगुड़ी
पश्चिम बंगाल में आगामी अप्रैल-मई तक विधानसभा चुनाव होने की सुगुबहाट है। चुनावों से पहले राज्य में हिंसा बढ़ गई है। सोमवार को जलपाईगुड़ी जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी पर इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया जबकि बीजेपी का दावा है कि सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर की लड़ाई ही इसके पीछे की वजह है। पुलिस ने बताया कि कार्यकर्ता रंजीत अधिकारी रविवार रात पार्टी के एक कार्यक्रम से घर लौट रहे थे, तभी मैनागुड़ी ब्लॉक के सप्तीबारी में उन पर हमला हुआ। अधिकारी को एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता शिवशंकर मजूमदार ने बीजेपी पर अधिकारी की हत्या का आरोप लगया। आरोप से इनकार करते हुए बीजेपी के जलपाईगुड़ी जिले के उपाध्यक्ष दीपेन प्रमाणिक ने दावा किया कि हत्या तृणमूल कांग्रेस के भीतर की लड़ाई का परिणाम है। जलपाईगुड़ी के पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद अधिकारी के शव को परिवार को सौंप दिया गया। तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की तरफ से श्रद्धांजलि दिए जाने के बाद अधिकारी का अंतिम संस्कार हुआ।

पाठको की राय