Wednesday, October 21st, 2026

चमोली हादसा: पांच लोगों के शव और मिले, अब तक 67 शव बरामद

 
नई दिल्ली

तपोवन जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग से शनिवार को पांच शव और निकाले गए। उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने के बाद हुए हादसे में मरने वालों की संख्या 67 हो गई है। अब तक यहां से 67 शव बरामद हो चुके हैं। उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने ये जानकारी दी है।आपदा में लापता 206 लोगों में से अभी तक 67 शव बरामद हो चुके हैं, जबकि अभी भी 137 लोग लापता हैं। उत्तराखंड के चमोली जिले में सात फरवरी को हुए हादसे के बाद लगातार रेस्कयू ऑपरेशन जारी है। मलबे में दबे लोगों को ढूंढ़ने के लिए सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, बीआरओ के जवान ऑपरेशन चला रहे हैं। 

डॉग स्क्वॉड, दूरबीन, राफ्ट और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल भी आपदा प्रभावित इलाकों में मलवे में दबे लोगों की खोजबीन के लिए जारी है। इससे पहले शुक्रवार को उत्तराखंड के डीजीपी ने बताया था कि 28 मानव अंग भी अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए हैं।उत्तराखंड डीजीपी ने जानकारी दी है कि शवों से मिले आभूषण, टैटू एवं अन्य पहचान चिन्हों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर उन्हें सुरक्षित रखा जा रहा है। बीते कई दिनों से लगातार लोगों को बचाने का काम जारी है लेकिन मलबा इतनी ज्यादा तादाद में जमा है कि काम की गति धीमी है।

 

#चमोली हादसा

Source : Agency

पाठको की राय