Wednesday, October 21st, 2026

घर आए मीटर रीडर से भी जमा करा सकेंगे बिजली का बिल, कब शुरू हो रही सुविधा?

 लखनऊ 
लेसा में तीन नवम्बर से घरों से मीटर रीडिंग करने वाले मीटर रीडरों के पास बिजली बिल वसूली का अधिकार होगा। बिजली उपभोक्ता यदि चाहें तो वह मीटर रीडर के माध्यम से अपने बिल का भुगतान कर रसीद प्राप्त कर सकता है। हालांकि ई-सुविधा केंद्र व ऑनलाइन भुगतान की सुविधा पूर्व की भांति उपलब्ध रहेगी।


पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन एम. देवराज ने नई एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि मीटर रीडिंग के साथ ही मौके पर बिजली बिल की वसूली की जिम्मेदारी भी निभाएं। जो उपभोक्ता बिल का भुगतान तत्काल करना चाहते हैं, उनसे बिल की धनराशि लेने के बाद मौके पर ही रसीद दें। इस सुविधा से राजधानी के करीब 10 लाख उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा। घर बैठे बिजली बिल जमा कराएं और बिल जमा करने के साथ हाथों हाथ रसीद भी ले लें। इससे पहले मीटर रीडर उपभोक्ता से ही चेक ही ले सकते थे लेकिन अब नगद भुगतान भी लेकर जमा कर सकेंगे। 

मुख्य अभियंता अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि कई बिजली उपभोक्ता बिल पाने के बाद भी किन्हीं कारणों से भुगतान नहीं कर पाते। ऐसे उपभोक्ताओं को इस सुविधा से काफी सहूलियत मिलेगी और इससे राजस्व वसूली भी बढ़ेगी।
 

 

Source : Agency

पाठको की राय