ग्रामीण विकास, आजीविका बढ़ाने पर कार्यशाला आयोजित होगी
( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल।
ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और रोजगार के साधन बढ़ाने के लिए ऑनलाइन मीडिया पोर्टल की भूमिका पर एक कार्यशाला का आयोजन 9 से 13 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
इसमें ग्रामीण विकास , आजीविका से जुड़े विषय विशेषज्ञ , स्व सहायता संगठनों के प्रतिनिधि , ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले संस्थानों के अधिकारी , कर्मचारी और पत्रकार भी शामिल होंगे।
पांच दिवसीय इस कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान के हैदराबाद स्थित मुख्यालय में होगा।
इसमें भाग लेने के लिए संस्थान की वेबसाइट के माध्यम से आनलाइन पंजीयन निशुल्क किया जा सकता है।
इस बारे में संस्थान की प्राध्यापक आकांक्षा शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान , केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाला एक स्वायत्त संगठन है।
यह ग्रामीण विकास और पंचायती राज में उत्कृष्टता का प्रमुख राष्ट्रीय केंद्र है ।
यूं एन उत्कृष्टता केंद्र के रूप में अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त करने वाला यह संस्थान ग्रामीण विकास कार्यकारियों, पी आर आई , बैंकरों , गैर सरकारी संगठनों और अन्य हितधारकों का प्रशिक्षण , अनुसंधान और परामर्श के अंतर संबंधित क्रियाकलापों के माध्यम से क्षमता निर्माण का कार्य करता है।
इस संस्थान का मुख्यालय तेलंगाना राज्य अन्तर्गत ऐतिहासिक शहर हैदराबाद के राजेंद्र नगर इलाके में है। देश के उत्तर पूर्वी क्षेत्र की जरूरत को पूरा करने के लिए गुवाहाटी (असम ) में भी इस संस्थान का एक पूर्वोत्तर क्षेत्रीय केंद्र स्थापित किया गया है।

पाठको की राय