Tuesday, October 20th, 2026

गृहमंत्री शाह से आज शिवराज दिल्ली में करेंगे नक्सल समस्या पर चर्चा

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक हफ्ते में दूसरी बार आज दिल्ली में हैं। यहां उनकी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भूतल परिवहन और शहरी विकास मंत्री नितिन गडकरी और वन व पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मुलाकात होना है। गृहमंत्री शाह से मुलाकात के दौरान सीएम चौहान प्रदेश में नक्सल समस्या को लेकर चर्चा करेंगे और केंद्र की ओर से दी जाने वाली सीआरपीएफ की छह कम्पनियों और नक्सल मूवमेंट को लेकर बात करेंगे।

सीएम चौहान दिल्ली में केंद्रीय मंत्री गडकरी से मुलाकात में केंद्रीय सड़क फंड की राशि रिलीज कराकर प्रदेश की सड़कों के सुधार और नवीन सड़कों के प्रस्तावों पर चर्चा करने वाले हैं। चंबल क्षेत्र के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अटल एक्सप्रेस प्रोग्रेस वे को लेकर भी उनकी चर्चा संभावित है जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया कई जिलों में पूरी हो चुकी है और इसके लिए फंड की व्यवस्था में सरकार जुटी है। इसके साथ ही सीएम चौहान की मुलाकात केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेÞकर से भी होना है जिसमें सिंगरौली जिले के कोल ब्लाक और पन्ना की हीरा खदान की पर्यावरणीय क्लियरेंस को लेकर बात होगी।

उनकी दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय संगठन पदाधिकारियों से भी उनकी चर्चा हो सकती है। गौरतलब है कि दो दिन पहले दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम चौहान ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री पीयूष गोयल, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।

 

#गृहमंत्री शाह#शिवराज

Source : Agency

पाठको की राय