कोसी-सीमांचल में इस साल कोरोना से पहली मौत, अररिया में महिला ने दम तोड़ा
सिकटी(अररिया)।
बिहार के कोसी और सीमांचल में इस साल कोरोना से पहली मौत अररिया जिले में हुई है। अररिया जिले के सिकटी प्रखंड की कौआकोह पंचायत में 70 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। मृत महिला फारबसिगंज प्रखंड के सिमराहा गांव की रहने वाली थी।
महिला कुछ दिन पूर्व वह अपने दामाद के घर आयी थी, जहां उनकी तबीयत खराब हो गई। बुधवार को अररिया सदर अस्पताल में हुई जांच में कोराना पॉजिटिव पायी गयी थी। मौत की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम रेहान असरफ ने अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर मेडिकल टीम को मेडिकल व पीपी कीट, मास्क, सैनिटाइजर के साथ कौआकोह भेजा। उस वार्ड को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। टीम ने शव का मेडिकेटेड तरीके से डिस्पोजल कर दिया।
मार्च में 15 मरीज मिले
आंकड़ों पर गौर करें तो कोसी व सीमाचंल में कोरोना ने फिर से पांव पसारना शुरू कर दिया है। मार्च महीने में सहरसा में 5 मरीज, सुपौल में दो मरीज, मधेपुरा में एक मरीज, कटिहार में चार व किशनगंज में एक मरीज मिले। वहीं गुरुवार को एक ही दिन अररिया के तीन अलग-अलग प्रखंडों में एक-एक पॉजिटिव केस मिले हैं। इसलिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने जांच में तेजी लाने के साथ-साथ लोगों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी है।
एक दिन में 107 नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले
बिहार में कोरोना जांच के दौरान गुरुवार को एक दिन में 107 नये कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की गयी। राज्य में 44 दिनों के बाद कोरोना के नये संक्रमितों की संख्या ने पुन: 100 की संख्या को पार कर लिया है। इससे पहले 02 फरवरी को राज्य में 118 नये कोरोना संक्रमितों की पहचान की गयी थी। इसके बाद संक्रमितों की संख्या कमी आती गयी। पिछले सात दिनों से राज्य में 20 से 49 नये कोरोना संक्रमित औसतन मिल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के 38 में 26 जिलों में नये कोरोना संक्रमितों की पहचान की गयी। इनमें पटना में सर्वाधिक 27 नये संक्रमितों की पहचान की गयी जबकि भागलपुर में 11 नये संक्रमित मिले। शेष अन्य जिलों में दस से कम नये संक्रमितों की पहचान की गयी।

पाठको की राय