कोरोना से भारत को लगातार राहत, 24 घंटों में पूरी तरह ठीक हुए 13,320 लोग
नई दिल्ली
कोरोना ने अभी तक देश और दुनिया की नाक में दम किया हुआ है। भारत में कोरोना वायरस को लेकर दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चालू है। लेकिन कोरोना वायरस का खतरा अभी टला नहीं है। हालांकि काफी घट चुके दैनिक आंकड़े राहत दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटों में 12,689 नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं। अब तक 13,320 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं जबकि 137 लोगों की मौत हुई है। कुल मामलों की बात करें तो 1,06,89,527 लोग अब तक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं जिनमें से 1,76,498 मामले सक्रिय हैं। 1,03,59,305 लोग पूरी तरह ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसके अलावा मरने वालों की संख्या 1,53,724 हो चुकी है। टीकाकरण अभियान में अबतक 20,29,480 लोगों को टीका लगया जा चुका है।
इन सब के अलावा ब्रिटेन में पैदा हुआ कोरोना का स्ट्रेन भी भारत में प्रवेश कर चुका है और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ब्रिटेन में सामने आये कोविड-19 के नए प्रकार से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या भारत में बढ़कर 150 से अधिक हो गई है। मंत्रालय ने पहले कहा था कि इन सभी संक्रमित व्यक्तियों को संबंधित राज्य सरकारों द्वारा निर्दिष्ट स्वास्थ्य केंद्रों में अलग-अलग कमरों में पृथकवास में रखा गया है। बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) से गंभीर रूप से जूझ रहे अमेरिका में इसके संक्रमण से अब तक 4.24 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।अमेरिका में यह महामारी विकराल रूप ले चुकी है और अब तक 2.54 करोड़ से अधिक लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4,24,690 पहुंच गयी है जबकि संक्रमितों की संख्या 2,54,24,174 हो गयी है। अमेरिका का न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी और कैलिफोर्निया प्रांत कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित है। अकेले न्यूयॉर्क में कोरोना संक्रमण के कारण 42,726 लोगों की मौत हुई है। न्यूजर्सी में अब तक 21,105 लोगों की इस महामारी के कारण मौत हो चुकी है। कैलिफोर्निया में कोविड-19 से अब तक 37,822 लोगों की मौत हो चुकी है। टेक्सास में इसके कारण 35,418 लोग अब तक अपनी जान गंवा चुके हैं जबकि फ्लोरिडा में कोविड-19 से 25,673 लोगों की जान गई है।

पाठको की राय