Tuesday, October 20th, 2026

कैरियर मेडिकल कॉलेज के मालिकों के खिलाफ भूमाफिया का केस 

 लखनऊ  
एलडीए ने बुधवार को कैरियर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज के चेयरमैन अजमत अली खान, कैरियर डेंटल कॉलेज के इकबाल अली खान तथा इनके रिश्तेदार अब्दुल अजीज खान के खिलाफ भूमाफिया की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। इन लोगों पर एलडीए की प्रबंध नगर योजना की करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन पर प्लॉटिंग कर बेचने का आरोप है। एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश के निर्देश पर शुक्रवार की देर शाम प्राधिकरण के अमीन सुशील कुमार रावत ने इन तीनों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराई।

एलडीए ने प्रबंधन नगर आवासीय योजना भाग 2 में ग्राम अल्लू नगर डिगुरिया की 324.633 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की है। इसका अधिग्रहण 2007-08 में हुआ था। इस योजना की 277.15 हेक्टेयर भूमि का कब्जा भी एलडीए को 26 सितंबर 2015 को मिल गया था। एलडीए ने मुआवजे की धनराशि भी अपर जिलाधिकारी के कार्यालय में जमा करा दी थी। जहां से इसे जिला जज लखनऊ के न्यायालय में मुआवजे के लिए जमा करा दिया गया। जमीन का स्वामित्व एलडीए का हो गया है। एलडीए की तहरीर के मुताबिक इसके बावजूद अब्दुल अजीज खान, कैरियर इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल आई आई एम रोड के चेयरमैन अजमत अली तथा इकबाल अली ने अवैध व अनाधिकृत रूप से जमीन पर कब्जा किया। आमजन को गुमराह करते हुए अवैध तथा अनाधिकृत प्लाटिंग कर भूमि का विक्रय किया।

एलडीए ने अपनी तहरीर में लिखा है कि इकबाल अली पुत्र अमजद अली जिसके ऊपर यूपी गैंगस्टर अधिनियम के तहत अभियोग भी पंजीकृत है। भू माफिया है। यह अन्य लोगों के साथ मिलकर एलडीए की भूमि को किसान सेवा समिति के नाम से अपनी जमीन दर्शाते हुए कूट रचित प्रपत्रों के माध्यम से बेच रहे हैं। इसकी वजह से एलडीए को करोड़ों की क्षति हो रही है। जो एक गंभीर अपराध है। प्राधिकरण की तहरीर पर पुलिस ने एफ आई आर दर्ज कर लिया है।
 

 

#भूमाफिया का केस 

Source : Agency

पाठको की राय