Wednesday, October 21st, 2026

कुएं की सफाई के दौरान चार मज़दूरों की मौत

हैलाकांडी

असम के हैलाकांडी जिले में एक कुएं की सफाई के दौरान कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि घटना अलगापुर राजस्व परिक्षेत्र के बकरीहावर पार्ट-1 में उस समय हुई जब मजदूर एक व्यक्ति के कुएं की सफाई करने की कोशिश कर रहे थे.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों ने शव बरामद कर लिए हैं.

उन्होंने कहा, ‘घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है.’

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पंचग्राम थाने के प्रभारी अधिकारी बिधान दास ने बताया कि गांव में कुएं की सफाई कर रहा एक मजदूर गलती से कुएं में गिर गया था. उसे बचाने की कोशिश में एक के बाद एक तीन और लोग कुएं में गिर गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और कुएं से तीन शव बरामद किए.’

उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य में दो और लोग घायल हो गए.

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राशिद अहमद, नाजिम उद्दीन, अबू सुहेल और हसीब उद्दीन के रूप में हुई है जबकि घायल व्यक्ति की पहचान सोहिद अहमद के तौर पर हुई है.

 

#चार मज़दूरों की मौत

Source : Agency

पाठको की राय