Tuesday, October 20th, 2026

कांग्रेस विधायक ने दिया राम मंदिर के लिए 1.11 लाख का दान

रायपुर
छत्तीसगढ़ में राजिम के कांग्रेस विधायक अमितेश शुक्ल ने अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर के लिए 1.11 लाख रुपए की राशि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से जारी आॅनलाइन लिंक के जरिए भेजा है। इसके साथ उन्होने यह भी कहा कि यह आस्था व भावना का सवाल है,राम मंदिर भाजपा या आरएसएस की बपौती नहीं है। इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। दान भेजने वाले वे राज्य के एकमात्र विधायक हैं। वहीं बताना जरूरी होगा कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी राशि भेज चुके हैं। जबकि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राम मंदिर के लिए चंदा लेने के तरीके व भाजपा के अभियान का विरोध कर रही है। शिलापूजन के दौरान किए गए चंदे का हिसाब भी मांग रही है।

अमितेश ने भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए एक लाख 11 हजार 111 रुपए का चंदा दिया है। उन्होने कहा कि  हम सभी हिंदू हैं। भगवान राम सबके हैं। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जब भगवान राम का मंदिर बन रहा है तो हमारी भी भावना उसमें सहयोग करने की है। बहुत से लोग मंदिर निर्माण में निधि समर्पण कर रहे हैं। मैं सौभाग्यशाली हूं कि इस महायज्ञ में आहुति का मौका मिला है। आज मुझे बहुत खुशी है कि इस मंदिर के निर्माण के लिए कुछ राशि समर्पित कर पाया हूं। मंदिर का निर्माण किसी पार्टी या संगठन का नहीं हैं। यदि ऐसा कोई प्रचारित कर रहा है तो गलत है।

 

#कांग्रेस

Source : Agency

पाठको की राय