Wednesday, October 21st, 2026

कन्हैया की दिशा रवि की गिरफ्तारी पर कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- दंगाइयों का समर्थन करती तो PM बन जाती

पटना
टूलकिट मामले में गिरफ्तार की गई एक्टिविस्ट दिशा रवि का विपक्ष के कई नेताओं ने बचाव किया है। इस बीच जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और सीपीआई नेता कन्हैया कुमार ने दिशा के समर्थन में कड़ी प्रतिक्रिया दी हैं। उन्होंने मंगलवार को तंज कसते हुए कहा कि दिशा ने किसानों का समर्थन करके गलती की है, यदि दंगाइयों का समर्थन किया होता तो मंत्री या पीएम बन जाती। कन्हैया कुमार ने ट्वीट किया, 'दिशा रवि ने किसानों का समर्थन करके गलती कर दी। दंगाइयों का समर्थन करती तो शायद मंत्री, मुख्यमंत्री या क्या पता प्रधानमंत्री ही बन जाती।' कन्हैया कुमार ने सोमवार को भी दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। 

दरअसल टूल किट केस में दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने 21 साल की दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। दिशा रवि पर्यावरण के मुद्दे पर काम करती है। पुलिस का आरोप है कि दिशा रवि ने शांतनु मुलुक और निकिता जैकब के साथ मिलकर टूल किट को बनाया। दिशा ने टूल किट एडिट किया और इसे ग्रेटा थनबर्ग के साथ शेयर किया। पुलिस ने आरोप लगाया कि रवि और अन्य ने 'खालिस्तान समर्थक समूह पोएटिक जस्टिस फाउंडेशन (पीएफजे) के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा ताकि भारत के खिलाफ असंतोष को भड़काया जा सके। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, टीएमसी सहित कई विपक्षी पार्टियों ने दिशा का बचाव करते हुए सरकार पर किसानों के समर्थन में उठ रही आवाजों को दबाने की कोशिश का आरोप लगाया है।

 

#कन्हैया

Source : Agency

पाठको की राय