Friday, October 23rd, 2026

कई जिलों में आज करवट बदलेगा मौसम, वेस्ट यूपी में 48 घंटे बाद मेहरबान होंगे बादल

लखनऊ 
उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बारिश की राहत मिलने की उम्मीद बंधी है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी के कई जिलों में मंगलवार की शाम या रात से मौसम करवट बदल सकता है। वहीं, वेस्ट यूपी के लोगों को दो दिन बाद गर्मी को राहत नसीब हो सकती है।

राजधानी लखनऊ और आसपास के कई इलाकों में कई दिनों से सिर्फ छिटपुट बारिश ही हो रही है। इससे हवा में नमी अधिकतम पैमाने पर बनी हुई है जिससे उमस महसूस हो रही है। सोमवार को भी राजधानी के लोग उमस से बेहाल रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक 39.0 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं मंगलवार को बादलों की आवाजाही रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से अगले दो दिन तक रुक रुक कर बारिश का पूर्वानुमान है।

वेस्ट यूपी में गुरुवार से मेहरबान हो सकते हैं बादल
आगरा में शनिवार देर रात तेज बारिश के बाद गर्मी फिर बढ़ गई है। उमस का स्तर भी अधिकतम चल रहा है। तापमान लगातार सामान्य से अधिक रिकार्ड हो रहा है। दोपहर में लोगों का हाल खराब है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी गुरुवार तक गर्मी और परेशान करेगी। इसी रात से राहत मिल सकती है। शुक्रवार तक ठीकठाक बारिश के बाद बादल छाए रहेंगे। आंशिक बारिश की संभावना है।

 

#मौसम

Source : Agency

पाठको की राय