ओवैसी की पार्टी का गुजरात निकाय चुनावों में भी डंका, मोदासा में 12 में से 9 सीटों पर जमाया कब्जा
अहमदाबाद
गुजरात नगर निगम में सात सीतें जीतने के बाद अब निकाय चुनावों (Gujarat Civic Election 2021) में भी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम को भी सफलता मिल रही है। मंगलवार को निकाय चुनावों की अब तक की मतगणना में अरावली की मोदासा नगरपालिका में ओवैसी की पार्टी ने 12 में से 9 सीटों पर कब्जा जमा लिया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि एआईएमआईएम गोधरा में भी 7 सीटें जीत चुकी है। इसके अलावा भरूच में एक सीट पर सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि गोधरा में ओवैसी की पार्टी ने कुल 44 में से आठ नगर पालिका सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। आठ में से सात सीटों पर वह विजयी हुई है। इसके अलावा भरूच में पार्टी आठ सीटों पर लड़ी थी, जिसमें से एक पर सफलता मिल चुकी है। ओवैसी ने मोदासा की जनता को खुद पर विश्वास करने के लिए शुक्रिया जताया है।
शर्मनाक प्रदर्शन पर कांग्रेस अध्यक्ष दे चुके हैं इस्तीफा
बता दें कि विभिन्न नगर पालिकाओं, जिला और बतालुका पंचायतों में हुए चुनाव में 2,085 सीटें जीतकर बीजेपी बढ़त बनाए हुए है जबकि कांग्रेस ने अब तक 602 सीटें जीती हैं। कांग्रेस के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा और राज्य कांग्रेस विधायक दल के नेता परेश धनानी ने इस्तीफा दे दिया है।
बंगाल चुनाव भी लड़ने जा रहे ओवैसी
गौरतलब है कि हैदराबाद के बाद गुजरात नगर निगम चुनावों में भी एआईएमआईएम को सफलता हासिल हुई थी। इससे पहले गुजरात नगर निगम के चुनाव में अहमदाबाद में पार्टी सात सीटें जीतने में सफल रही थी। लगातार मिल रहे जीतों से उत्साहित ओवैसी अब पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव मैदान में भी पूरे दमखम के साथ उतरने जा रहे हैं। इससे पहले बिहार चुनावों में उनको सफलता मिल चुकी है।

पाठको की राय