Monday, October 19th, 2026

ओपन स्कूल से हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा के फार्म जमा करने की अंतिम तिथि कल

रायपुर
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल से हाई स्कूल और हायर सेकंडरी की परीक्षा देने के इच्छुक छात्र और छात्राएं पांच जनवरी 2021 तक आवेदन फार्म जमा कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन फार्म जमा करने पर छात्रों से 500 रुपये विलंब शुल्क लिया जाएगा। असुविधा से बचने के लिए जल्द से जल्द अपने क्षेत्र के ओपन स्कूल के संबंध में केंद्रों में जाकर आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।

ओपन स्कूल के उपसचिव बृजेश बाजपेई ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा-2021 के लिए परीक्षार्थियों के लगातार बढ़ते रूझान को देखते हुए अध्ययन केंद्रों में बिना विलंब शुल्क के परीक्षा आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि पांच जनवरी निर्धारित की गई है। इस बार ओपन स्कूल में कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए परीक्षार्थियों के संपर्क क्लास के साथ-साथ उन्हें असाइनमेंट भी दिया जाएगा। राज्य ओपन स्कूल द्वारा मुख्य परीक्षा-2021 के लिए विवरणिका और परीक्षा आवेदन फार्म सभी अध्ययन केंद्रों को वितरित किए जा चुके हैं। प्रदेश भर में स्थित अध्ययन केंद्रों को इसके लिए अब तक करीब दस हजार आवेदन फार्म वितरित किए गए हैं। आवेदकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

ओपन स्कूल के जरिए दूसरे बोर्डों से फेल हुए परीक्षार्थी भी क्रेडिट योजना का लाभ उठाकर आवेदन फार्म भरकर जमा कर सकते हैं। क्रेडिट योजना के तहत परीक्षार्थियों को उन विषयों के अंक क्रेडिट मिल जाते हैं, जिनमें वह पास हैं और केवल उन विषयों की ही परीक्षा देनी होती है, जिनमें वे दूसरे बोर्ड की परीक्षा में फेल हुए हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय