Thursday, October 22nd, 2026

एसएसबी दारोगा के प्‍यार में दिल्‍ली से महराजगंज पहुंची लड़की, उड़ गई पाकिस्‍तानी होने की अफवाह

महराजगंज
इंडो-नेपाल बॉर्डर पर तैनात एक एसआई के प्यार में पड़ी एक युवती परदेश से महराजगंज आ गई है। पुलिस को तहरीर देकर प्रेमी के खिलाफ आरोप लगाया कि अब वह अपने वायदे से मुकर रहा है। इस मामले में एसआई को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस युवती की प्रोफाइल खंगाल रही है। कारण, पहले यह अफवाह उड़ी कि युवती पाकिस्तान की रहने वाली है। बाद में यह बताया जा रहा है कि वह दिल्ली की है। 

एसएसबी का जवान इंडो-नेपाल बार्डर पर ठूठीबारी क्षेत्र में एसआई के पद पर तैनात है। सोशल मीडिया के माध्यम से वह एक युवती को दिल दे बैठा। दोनों में बातें होने लगीं। मोबाइल फोन से शुरू हुई प्रेम कहानी जन्म जन्मांतर तक साथ देने के वायदे तक पहुंच गई। बताया यह भी जा रहा है कि दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। बाद में मोहब्बत के रिश्तों में खटास पैदा होने लगी। एसआई ने युवती से बात करना छोड़ दिया। दूरी बनाने लगा।

इस पर युवती महराजगंज पहुंच आई। पहले यह अफवाह उड़ी कि युवती पाकिस्तान की रहने वाली है, लेकिन बाद में यह पता चल रहा है कि वह दिल्ली की रहने वाली है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि युवती की शिकायत पर एसएसबी दारोगा को बुलाया गया है। महिला थाना में दोनों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

 

Source : Agency

पाठको की राय