एलन मस्क दुनिया के सबसे बड़े रईस बने, ऐमजॉन के जेफ बेजोस को पीछे छोड़ा
नई दिल्ली
टेस्ला इंक (Tesla Inc.) और स्पेसएक्स (SpaceX) के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) दुनिया के सबसे बड़े रईस बन गए हैं। गुरुवार को टेस्ला के शेयर में 4.8 फीसदी की उछाल आई और मस्क ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस (Jeff Bezos) को पछाड़कर दुनिया के सबसे बड़े अमीर बन गए। Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक मस्क की नेटवर्थ गुरुवार को 188.5 अरब डॉलर पहुंच गई जो बेजोस से 1.5 अरब डॉलर अधिक है। बेजोस अक्टूबर 2017 से दुनिया के सबसे बड़े रईस की कुर्सी पर थे। दक्षिण अफ्रीका में जन्मे और पेशे से इंजीनियर 49 साल के मस्क स्पेसएक्स (SpaceX) के भी सीईओ हैं। प्राइवेट स्पेस रेस में उनका बेजोस की कंपनी ब्लू ऑरिजिन एलएलसी (Blue Origin LLC) के साथ प्रतिद्वंद्विता है। कोरोनावायरस के कारण इकॉनमिक स्लोडाउन के बावजूद पिछले 12 महीनों में मस्क की नेटवर्थ 150 अरब डॉलर बढ़ी है। इसकी वजह यह है कि दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटो कंपनी टेस्ला के शेयरों में अभूतपूर्व तेजी आई है। लगातार प्रॉफिट और प्रतिष्ठित एसएंडपी 500 इंडेक्स (S&P Index) में शामिल होने से पिछले साल कंपनी के शेयर 743 फीसदी चढ़ा।
कैसे छिनी बेजोस की बादशाहत
SpaceX और Tesla के फाउंडर मस्क की नेटवर्थ 6 जनवरी को 184.5 अरब डॉलर पहुंच गई थी। Bloomberg Billionaires Index के मुताबिक मस्क की नेटवर्थ बेजोस से महज 3 अरब डॉलर कम रह गई थी। बेजोस अक्टूबर 2017 से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति की कुर्सी पर काबिज थे और उनकी नेटवर्थ 187 अरब डॉलर थी। लेकिन गुरुवार को टेस्ला के शेयरों में आई तेजी ने उनकी बादशाहत छीन ली। टेस्ला ने पिछले साल 5 लाख कारें बनाई और इन्हें डिलीवर किया। फोर्ड मोटर कंपनी और जनरल मोटर्स कंपनी की तुलना में यह आंकड़ा कुछ भी नहीं है। जॉर्जिया में डेमोक्रेट्स की जीत से टेस्ला की उम्मीदें और बढ़ गई हैं क्योंकि पार्टी देश में इलेक्ट्रिक वीकल्स को बढ़ावा देने के पक्ष में है।
नए साल में उलटफेर
नए साल को अभी एक हफ्ता बीता है लेकिन इसमें बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। मस्क जहां दुनिया के अमीरों के सरताज बन गए हैं तो वहीं चीन के झोंग शैनशैन दिग्गज इनवेस्टर वारेन बफे को पछाड़कर छठे नंबर पर आ गए हैं। पिछले सात दिनों में उनकी नेटवर्थ 15.2 अरब डॉलर बढ़ी है। दुनिया के 500 अमीरों की संपत्ति पिछले साल 1.8 लाख करोड़ डॉलर बढ़ी जो 31 फीसदी बढ़त के बराबर है।

पाठको की राय