Tuesday, October 20th, 2026

एमपी बोर्ड परीक्षा की फर्जी समय-सारिणी वायरल, 29 जनवरी तक जारी होगी असली

 
भोपाल

मप्र में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दसवीं व बारहवीं बोर्ड परीक्षा की समय-सारिणी अब तक जारी नहीं की गई, जबकि 30 अप्रैल से परीक्षाएं शुरू होने वाली है। अब समय-सारिणी जल्द से जल्द जारी ना होने से विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं। माशिमं के हेल्पलाइन नंबर पर भी समय-सारिणी जारी करने को लेकर विद्यार्थी और अभिभावक कॉल कर रहे हैं। उधर इंटरनेट मीडिया पर बोर्ड परीक्षा की फर्जी समय-सारिणी वायरल हो रही है, जिससे विद्यार्थी उलझन में हैं। 

माशिमं के अधिकारियों ने इसको लेकर स्थिति साफ की है। अधिकारियों का कहना है कि 28 जनवरी को परीक्षा समिति की बैठक होगी। इसके बाद उसी दिन या अगले दिन समय-सारिणी जारी कर दी जाएगी। गौरतलब है कि इस साल कोरोना काल के कारण बोर्ड परीक्षा दो माह की देरी से शुरू हो रही हैं। वहीं इस बार अब तक परीक्षा केंद्र भी तय नहीं हो पाया। ज्ञात हो कि इस साल बोर्ड परीक्षा में करीब 19 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। माध्‍यमिक शिक्षा मंडल ने इस साल बोर्ड परीक्षा को लेकर कई बदलाव भी किए हैं। 

माशिमं ने 100 रुपये लेट फीस के साथ फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर तय की थी। ऐसे में जो विद्यार्थी अब तक परीक्षा फॉर्म जमा नहीं कर सके हैं, वे 5 हजार रुपये लेट फीस के साथ 31 जनवरी एवं 10 हजार रुपये फीस के साथ परीक्षा शुरू होने के एक माह पहले तक फॉर्म जमा कर सकते हैं।

 

#एमपी बोर्ड परीक्षा

Source : Agency

पाठको की राय