एक हफ्ते में पूरी तरह तैयार करें अस्पताल, तब होगा उद्घाटन
गोरखपुर।
कुशीनगर दौरे से गोरखपुर लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय सोनबरसा में तैयार किए जा रहे 200 बेड के कोविड हास्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि जब 200 बेड की क्षमता के संचालन के लिए अस्पताल पूर्ण रूप से तैयार हो जाएगा तभी उसका उद्घाटन किया जाएगा। अस्पताल को उनके मानक के मुताबिक तैयार करने के लिए उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया। हालांकि जिला प्रशासन 100 बेड की क्षमता के साथ अस्पताल शुरू करने की तैयारी में था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर 200 बेड का डेडिकेटेड कोविड अस्पताल महायोगी गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय, सोनबरसा (मानीराम) के परिसर में तैयार किया जा रहा है। परिसर में स्थित आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में इस अस्पताल को अंतरराष्ट्रीय विमान निर्माता कंपनी बोइंग के सहयोग से केयर इंडिया शुरू कर रही है। निरीक्षण करने आए सीएम योगी को बताया गया कि वेंटीलेटर आ गए हैं लेकिन अब तक मॉनीटर नहीं पहुंचे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब तक सभी जरूरी संसाधन नहीं आ जाते, अस्पताल शुरू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन मसलन पैरामेडिकल स्टाफ, डॉक्टर और इमरजेंसी की स्थिति में अतिरिक्त स्टॉफ का इंतजाम भी करें। तैयारी इस स्तर की होनी चाहिए कि कोई स्टाफ बीमार पड़ जाते तो वैकल्पिक इंतजाम हो।
बैठक में प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी, कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीएम के विजयेंद्र पांडियन, एडीजी अखिल कुमार, डीआईजी डॉ पी. सिंह, सीएमओ डॉ सुधाकर पाण्डेय, प्राचार्य डॉ प्रदीप कुमार राव, अपर निदेशक स्वास्थ्य, एसीएमओ, केयर इंडिया के डॉ. संजय सुमन, डॉ अभिनीत, डॉ अजीत राय, प्राचार्य डॉ सच्चिदानंद, मेजर जनरल डॉ अतुल वाजपेयी, इंजीनियर नीरज गौतम, जसदीप लाम्बा, अभिषेक सिंह समेत अन्य मौजूद रहे। सीएम ने बड़हलगंज स्थित होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की तैयारियां अधूरी होने पर भी उसका शुभारम्भ नहीं किया।

पाठको की राय