Tuesday, October 20th, 2026

एक सप्ताह के अंदर टीकाकरण, बिहार में तैयारी पूरी

पटना 
बिहार में एक सप्ताह के अंदर कोरोना का टीकाकरण शुरू हो जाएगा। राज्य स्वास्थ्य समिति के दिशा-निर्देश पर राज्य में पहले चरण के कोरोना टीकाकरण को लेकर तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। वहीं,  टीकाकरण के दूसरे चरण का ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) राज्य के सभी जिलों के तीन-तीन यानी कुल 114 स्थानों पर शुक्रवार को होगा। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के अनुसार, टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है और केंद्र की हरी झंडी का इंतजार है। स्वास्थ्यकर्मियों को दक्ष किया जा चुका है। वैक्सीन के रखरखाव व उसकी शीतलता की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। प्रखंड और जिलास्तर पर भी वैक्सीन व कोल्ड चेन प्रबंधकों की तैनाती की गई है।  
राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि राज्यस्तरीय टीका औषधि भंडार टीका के भंडारण के लिए तैयार है। सभी 10  क्षेत्रीय टीका औषधि भंडार में भी भंडारण को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। 

सूत्रों की मानें तो 15 जनवरी के पूर्व किसी भी दिन यहां टीकाकरण शुरू हो जाएगा। केंद्र ने 13-14 जनवरी को टीकाकरण शुरू करने के संकेत दिये हैं, हालांकि तिथि को लेकर अंतिम निर्णय बाकी है।

 

#टीकाकरण

Source : Agency

पाठको की राय