Wednesday, October 21st, 2026

उमर अब्दुल्ला का विदेशी राजनयिकों की कश्मीर यात्रा पर कटाक्ष, असली पर्यटक भेजें

श्रीनगर 
नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने 24 विदेशी राजनयिकों की कश्मीर यात्रा पर गुरुवार को कटाक्ष करते हुए उनसे कहा कि वे अपने देशों के असली पर्यटकों को जम्मू-कश्मीर भेजें। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर ने ट्वीट किया, कश्मीर आने का शुक्रिया। अब कृपया करके, अपने देशों से कुछ असली पर्यटकों को जम्मू-कश्मीर भेजिए। उल्लेखनीय है कि यूरोप, लातिन अमेरिका और अफ्रीकी देशों के राजनयिक अगस्त, 2019 में संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद केंद्रशासित प्रदेश में जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर बुधवार को जम्मू-कश्मीर आए थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज ने बुधवार को कहा था कि राजनयिकों का यह दौरा लगभग हर साल होता है और यह बेकार की कवायद है क्योंकि सरकार को इससे कोई फायदा नहीं होता। केंद्रशासित प्रदेश में मुख्यधारा के अधिकतर नेता राजनयिकों की इस यात्रा पर चुप्पी साधे हुए हैं।

बता दें कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के दौरे पर आए यूरोपीय संघ के सदस्य देशों सहित कई देशों के राजनयिक गुरुवार को यहां पहुंचे। वे लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित स्थानीय निकायों को मजबूत करने की दिशा में किए गए प्रयासों का जाएजा लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विदेशी राजनयिक राजभवन में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलेंगे। इसके बाद, वे (विदेशी राजनयिक) यहां एक होटल में नागरिक संस्थाओं के सदस्यों और जिला विकास परिषद (डीडीसी) के सदस्यों सहित विभिन्न प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत करेंगे। 

 

#उमर अब्दुल्ला

Source : Agency

पाठको की राय