इन स्कूलों में नामांकन शुल्क सात से 12 हजार रुपये तक बढ़ा
पटना
बिहार में नर्सरी और एलकेजी में बच्चों का नामांकन करवाने वाले अभिभावकों की जेबें इस बार ढीली होंगी। ज्यादातर स्कूलों ने इस बार नामांकन शुल्क बढ़ा दिये हैं। 2020 की अपेक्षा 2021 में नर्सरी नामांकन शुल्क में सात से 12 हजार रुपये तक बढ़ाए गए हैं। इसकी जानकारी स्कूलों द्वारा अभिभावकों को दी जाने लगी है।
ज्ञात हो कि इस सप्ताह से स्कूलों ने एलकेजी नामांकन का रिजल्ट निकालना शुरू कर दिया है। जिस बच्चे का नाम नामांकन सूची में आया है। उन्हें स्कूल द्वारा फीस एक्सट्रक्चर की जानकारी दी गई है। जिन स्कूलों ने पिछले साल नर्सरी में नामांकन शुल्क 55 से 58 हजार रुपये लिया था, वे इस बार 65-66 हजार रुपये शुल्क के तौर पर ले रहे हैं। यह स्थिति राजधानी पटना के कई बड़े स्कूलों की है।
नामांकन के लिए रिजल्ट जारी होने के बाद स्कूलों द्वारा नामांकन प्रक्रिया की तिथि भी जारी कर दी गई है। नामांकन 22 फरवरी से शुरू होगा। नर्सरी नामांकन मार्च के दूसरे सप्ताह तक चलेगा। होली के पहले स्कूलों में नर्सरी नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी। इस बीच अभिभावकों को बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, स्कूल बैग आदि की भी खरीदारी करनी होगी।

पाठको की राय