Wednesday, October 21st, 2026

इंदिरा आवास की शिकायत पर बदल दी कम्प्लेन, CM हेल्पलाइन में तीन साल से हो रही शिकायत

भोपाल
सीएम हेल्पलाइन में तीन साल से शिकायत कर अपनी जमीन पर बगैर अनुमति बनाए गए इंदिरा आवास को हटाने की शिकायत कर रहे सागर जिले के एक भूमिस्वामी को सीएम हेल्पलाइन से राहत नहीं मिली, बल्कि हेल्पलाइन में उसके द्वारा दर्ज की गई शिकायत बदल दी गई। इस पूरे मामले में ग्रामीण विकास विभाग के अफसरों की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं जिनके द्वारा सीएम, एसीएस और पंचायत राज संचालनालय के अफसरों की शिकायत पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।

सागर जिले के मोहम्मद सईद निवासी खिमलासा तहसील खुरई की शिकायत है कि उसकी पैत्रिक जमीन पर पंचायत और राजस्व विभाग के अफसरों ने मिलीभगत कर उसे आवासीय बताते हुए आवास बनाकर दूसरे लोगों को दे दिया है। खसरा नम्बर 4040, रकबा 20 डेसीमल की की जमीन पर बने आवास के मामले में दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों पर कार्यवाही करना तो दूर सीएम हेल्पलाइन में उसका मजमून बदल दिया गया। इसमें सईद की शिकायत को मांग बताते हुए यह दर्ज कर दिया गया कि सईद ने इस जमीन पर आवास की मांग की है।

इस मामले में 2017 से शिकायत कर परेशान हो रहे सईद ने मुख्यमंत्री, कलेक्टर, जिला पंचायत, पंचायत राज संचालनालय, सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री कार्यालय समेत सभी जगह कम्प्लेन की है लेकिन उसकी शिकायत का समाधान नहीं किया जा रहा है। इतना ही नहीं जिस सरपंच द्वारा जमीन पर मकान बनाने के लिए हस्ताक्षर किए गए वह आवास निर्माण के समय इस पद पर भी नहीं था। सईद का आरोप है कि सीएम हेल्पलाइन में तीन साल से पेंडिंग उसकी शिकायत का निराकरण नहीं किया जाता है बल्कि हर बार गुमराह किया जाता है।

 

#सीएम हेल्पलाइन

Source : Agency

पाठको की राय