आॅपरेशन के दौरान निकाल ली आंख, शिकायत पर जांच शुरू
बिलासपुर। युवक गया था नाक में मस्से का इलाज कराने लेकिन अब आरोप लगा रहा है कि उनकी एक आंख आॅपरेशन के दौरान गलत तरीके से निकाल ली गई है। वहीं, डॉक्टर का कहना है कि कैंसर के चलते उसकी आंख खराब हुई है। फिलहाल सिविल लाइंस थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीएमएचओ ने भी जांच टीम बनाई है, जो आॅपरेशन करने वाली टीम से पूछताछ करेगी।
दरसअल पूरा मामला यह है कि पौंसरा निवासी कान्हा सूर्यवंशी ने नाक में समस्या होने पर इमलीपारा स्थित वेगस अस्पताल में दिखाया था। नाक में मस्सा होने की बात कहकर अस्पताल में डॉ. अंकित ठकराल ने उसका अगस्त 2019 को लेजर से आॅपरेशन किया था। कान्हा का आरोप है कि आॅपरेशन के दौरान डॉक्टर ने उसकी एक आंख ही निकाल ली। उसने करीब 8 माह पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने सीएमएचओ से रिपोर्ट मांगी है। पुलिस से पत्र मिलने के बाद सीएमएचओ डॉ. प्रमोद महाजन ने 3 सदस्यीय डॉक्टरों की टीम गठित की है। इसमें बिल्हा बीएमओ डॉ. शुभा गढ़ेवाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मनीष श्रीवास्तव और सीनियर डॉ. अनिल श्रीवास्तव शामिल है। यह टीम डॉक्टर ठकराल और आॅपरेशन में शामिल अन्य लोगों से पूछताछ करेगी। इसके बाद युवक के भी बयान लिए जाएंगे, फिर रिपोर्ट बनाकर सीएमएचओ को सौंपेंगे। यही रिपोर्ट पुलिस को भेजी जाएगी।
डॉ. अंकित ठकराल ने कहा कि मरीज को नाक के अंदरुनी हिस्से पर कैंसर था। सिटी स्कैन, एमआरआई जांच रिपोर्ट भी यही कहती है। सीनियर डॉक्टरों से कंसल्ट करने के बाद मरीज के परिजन के सहमति के बाद ही आॅपरेशन किया गया था। कैंसर का प्रभाव मरीज के आंख में बढ़ चुका था ऐसे में मरीज की जान उसकी एक आंख को निकाल कर ही बचाई जा सकती थी। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स भेजा गया था। एक्सपर्ट की रिपोर्ट व पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविकता का पता चल सकेगा।

पाठको की राय