आसाराम के आश्रम से 27 साल का लड़का लापता
अहमदाबाद
शिष्या से यौन-दुर्व्यवहार के जुर्म में उम्रकैद भुगत रहे कथावाचक आसाराम के आश्रम से एक और बुरी खबर है। आसाराम का अहमदाबाद के साबरमती इलाके में जो आश्रम है, वहां से एक 27 साल का लड़का गायब हुआ है। वह लड़का 3 नवंबर को हैदराबाद से आया था। उसके कुछ दोस्त भी थे। बताया जा रहा है कि दोस्त वापस लौट गए थे, लेकिन वह नहीं लौट सका। कई दिनों तक कोई खैर-खबर न मिलने पर माता-पिता उसकी तलाश में अहमदाबाद पहुंचे। हालांकि, उन्हें वह वहां नहीं मिला।
साबरमती आश्रम का मामला
माता-पिता ने आसाराम के कर्मियों से पूछताछ की तो उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी। इस तरह लड़के के लापता होने का खुलासा हुआ। उसके बाद उसके माता-पिता ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। किसी युवक के आसाराम के आश्रम से लापता होने का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2008 में दीपेश और अभिषेक नाम के दो भाई भी इसी आश्रम से लापता हो गए थे। पुलिस ने खोज-बीन शुरू की तो कुछ दिनों बाद दोनों की लाशें मिली थीं। ध्यान देने वाली बात यह है कि, वे दोनों भाई आश्रम के गुरुकुल में ही पढ़ाई करते थे। तत्कालीन पुलिस कमिश्नर डीके. त्रिवेदी की रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने आरोपों की जांच के आदेश दिए थे। घटना के बाद ऐसी चर्चा थीं कि आश्रम में तंत्र-मंत्र के लिए बच्चों की बलि दे दी गई थी। हालांकि, बाद में वो मामला ठंडा पड़ गया।

पाठको की राय