Thursday, October 22nd, 2026

आरजेडी का विधानसभा से वॉक आउट, धान खरीद की तारीख बढ़ाने का मुद्दा जोरशोर से उठा

 पटना 
मंगलवार को बिहार विधानसभा में धान खरीद की तारीख बढ़ाने का मुद्दा जोरशोर से उठा। धान खरीद की तारीख बढ़ाए जाने की मांग को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। इस पर सरकार के जवाब से नाराज राजद विधायकों ने सदन से वॉक आउट भी कर दिया। इस बीच कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने दावा किया कि बिहार में 21 फरवरी तक 35.5 लाख मैट्रिक टन से अधिक की खरीददारी हुई है। यह अब तक की सबसे ज्‍यादा खरीद है। लिहाजा अब धान खरीद की तारीख बढ़ाए जाने की जरूरत नहीं है।

यह मुद्दा राजद के विधायक सुधाकर सिंह ने उठाया था। उन्‍होंने धान खरीद की तारीख 25 मार्च तक करने की मांग की। इस पर कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में वास्‍तविक किसानों के पास अब धान नहीं है। ऐसे में मिलर और बिचौलियों को फायदा पहंचाने के लिए तारीख नहीं बढ़ाई जा सकती है। इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने भी अपनी बात रखी। उन्‍होंने आरोप लगाया कि सरकार अब और धान नहीं खरीद सकती इसलिए यह फैसला लिया गया है। इस मामले में सरकार का रवैया ठीक नहीं है। मामले में सरकार के जवाब से असंतुष्‍ट विपक्षी विधायक सदन से बाहर चले गए। 

 

#आरजेडी का विधानसभा

Source : Agency

पाठको की राय