Thursday, October 22nd, 2026

आयरलैंड की दक्षिण अफ्रीका पर पहली ODI जीत से क्रिकेट जगत सन्न, सीरीज में 1-0 से बनाई बढ़त

 नई दिल्ली 
दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम इन दिनों आयरलैंड के दौरे पर है, दोनों के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच बारिश में धुल गया था, जबकि दूसरे मैच में आयरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 43 रनों से हराकर क्रिकेट जगत को सन्न कर दिया। मैच डुबलिन के द विलेज में खेला गया, जहां आयरिश कप्तान एंडी बलबिर्नी ने शतकीय पारी खेली। बलबिर्नी को इस पारी के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीता और आयरलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। बलबिर्नी के अलावा हैरी टेक्टर ने 68 गेंद पर 79 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। जॉर्ज डॉकरेल ने 23 गेंद पर 45 रन ठोके। इन तीनों की पारियों के दम पर आयरलैंड ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 290 रनों का स्कोर खड़ा किया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एंडेले फेहलुकवायो ने दो विकेट लिए।

जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 48.3 ओवर में 247 रनों पर ऑलआउट हो गई। जनेमन मलान ने 84 और रैसी वन डर डसन ने 49 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा और कोई बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं सका। आयरलैंड की ओर से मार्क एडेर, जोशुआ लिटल और एंडी मैकब्रिन ने दो-दो विकेट लिए। क्रेग यंग, सिमी सिंह और डॉकरेल ने एक-एक विकेट लिया। इस हार के बाद दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बवुमा ने कहा कि उन्होंने आयरलैंड की टीम को हल्के में नहीं लिया था। बवुमा ने माना कि आयरलैंड की टीम हर मामले में दक्षिण अफ्रीकी टीम पर भारी पड़ी। सीरीज का आखिरी मैच 16 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाना है।

 

#आयरलैंड की दक्षिण अफ्रीका

Source : Agency

पाठको की राय