Friday, October 23rd, 2026

अहमदाबाद: इमारत की लिफ्ट गिरने से 7 मजदूरों की मौत, पीएम बोले- दुखद हादसा

अहमदाबाद
गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा हादसा हुआ है। गुजरात यूनिवर्सिटी के पास पासपोर्ट ऑफिस रोड पर एक निर्माणाधीन इमारत की लिफ्ट गिर गई है। लिफ्ट गिरने से सात मजदूरों की मौत हो गई है। जिस इमारत में ये हादसा हुआ है, उसका नाम एस्पायर-2 बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह एस्पायर-2 इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था। तभी सातवीं मंजिल से मजदूरों से सवार एक लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। मामले की जानकारी फौरन पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लिफ्ट से मजदूरों को बाहर निकाला। राहत व बचाव कार्य में आसपास के लोगों ने भी मदद की। हादसे के बाद वहां मजदूरों की चीख-पुकार मच गई थी।

घायल की हालत गंभीर
पुलिस ने बताया कि हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई है जबकि एक घायल हो गया। घायल की हालत गंभीर है। घायल का इलाज सोला सिविल अस्पताल में चल रहा है।

पीएम मोदी ने जताया दुख
अहमदाबाद में हुए हादसे पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से ट्वीट कर कहा गया कि अहमदाबाद में निर्माणाधीन इमारत में हुआ हादसा दुखद है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्यों को खोया है, उनके प्रति संवेदना है। उम्मीद है कि घायल जल्द ठीक हो जाएंगे।

सभी मृतक पंचमहल जिले के घोघंबा के रहने वाले थे

  • मृतकों में संजयभाई बाबूभाई नायक
  • जगदीशभाई रमेशभाई नायक
  • अश्विनभाई सोमभाई नायक
  • मुकेश भरतभाई नायक
  • मुकेशभाई भरतभाई नायक
  • राजमल सुरेशभाई खराडी
  • पंकजभाई शंकरभाई खराडी शामिल हैं।

वहीं, इस हादसे के बाद मेयर केजे परमार ने कहा कि निडी डेवलपर इस इमारत का निर्माण कर रहा था। हादसा सुबह हुआ था, लेकिन बिल्डर ने इसकी जानकारी नहीं दी थी। हम आकलन करेंगे कि क्या उन्होंने नगर निगम के नियमों को तोड़ा है। साथ ही इसकी जांच भी की जाएगी कि क्या किसी ने बिल्डिंग का गलत प्लान पारित किया है। उसके अनुसार कार्रवाई करेंगे।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय