अमासिवनी, कचना और देवपुरी में आज से मिलेगा 24 घंटे पानी
रायपुर
राजधानी रायपुर के तीन आमासिवनी, कचना और देवपुरी के लोगों को अब पानी की किल्लत से सोमवार से मुक्ति मिल जाएगी क्योंकि अब यहां के लोगों को 24 घंटे पानी मिलेगा। तीनों जगह की पानी टंकियों का निर्माण पूर्ण होने के बाद यहां के करीब तीन हजार घरों में नगर निगम ने पानी के लिए इन कलेक्शन देने के साथ ही मीटर भी लगा दिया है ताकि जितनी जरुरत हो सकें वे पानी उपयोग कर सकें।
नगर निगम रायपुर के मुख्य अभियंता जल आरके चौबे ने बताया कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र में रायपुर ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत आने वाले देवपुरी में 20 लाख लीटर पेयजल क्षमता वाले नवीन उच्च स्तरीय जलागार का लोकार्पण महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, रायपुर ग्रामीण विधायक सत्यनारायण शर्मा, निगम जलविभाग अध्यक्ष सतनाम सिंह पनाग सहित निगम के एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमैन की उपस्थिति में सोमवार की सुबह 11 बजे होगा। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे कचना और दो बजे आमासिवनी में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जलविभाग द्वारा नवनिर्मित 10-10 लाख लीटर पेयजल क्षमता वाली उच्च स्तरीय पानी टंकियों का लोकार्पण कर धरसींवा विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा सहित महापौर, सभापति, जलविभाग अध्यक्ष, एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमैन, नगरवासियों को पानी टंकियों के लोकार्पण की शानदार सौगात देंगे।
आमासिवनी और कचना में 10-10 लाख तथा देवपुरी में 20 लाख लीटर यानी कुल 30 लाख लीटर क्षमता की तीनों टंकियां तैयार की गई है और फिल्टर प्लांट से इन टंकियों को भरने के लिए मेन राइजिंग लाइन बिछा दी गई है। तीन हजार घरों में पानी का कनेक्शन देने के साथ ही मीटर भी लगा दिया गया है। इन घरों में 24 घंटे पानी की आपूर्ति होगी इसीलिए मीटर लगा है, ताकि जितनी खपत हो उतना ही पानी का बिल आए। अभी राजधानी के तीन-चौथाई वार्डों में पुराने समय की तरह सुबह-शाम दो बार नल खुलते हैं। इसके एवज में सालभर का एकमुश्त 2,400 रुपए वॉटर टैक्स लिया जाता है।

पाठको की राय