Tuesday, October 20th, 2026

अब राशिद अल्वी ने दी कांग्रेस को नसीहत, कहा-जीत के लिए दिन-रात मेहनत करती है BJP

नई दिल्ली 
कपिल सिब्बल, गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा जैसे नेताओं के बाद अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने भी पार्टी को नसीहत देते हुए बीजेपी से सीख लेने को कहा है। अल्वी ने रविवार को कहा कि बीजेपी हर छोटे-बड़े चुनाव को जीतने के लिए दिन-रात मेहनत करती है। साथ ही यह भी कहा कि भगवा पार्टी से मुकाबले के लिए उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी 24 घंटे काम करने की जरूरत है। राशिद अल्वी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, ''अमति शाह की अपनी रणनीति है और कांग्रेस पार्टी को चुनावों में जीत के लिए रणनीति बनाने की जरूरत है। सभी छोटे-बड़े चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बीजेपी के कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करते हैं।'' कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी के कार्यकर्ता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। 

अल्वी ने आगे कहा, ''वे सभी कोशिश करते हैं। नैतिक-अनैतिक कामों में भी शामिल हो जाते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। 24X7 घंटे काम करना होगा और एक रणनीति बनानी होगी। केवल तभी हम उनसे मुकाबला कर सकते हैं।'' अल्वी का बयान ऐसे समय पर आया है जब आज ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने जम्मू में एक सभा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। कांग्रेस से नाराज बताए जा रहे 23 नेताओं में शामिल आजाद ने कहा कि पीएम बन जाने के बावजूद मोदी अपनी जड़ों को नहीं भूले और खुद को चायवाला कहते हैं। आजाद सहित कई नेता कांग्रेस पार्टी में संगठन चुनाव और नेतृत्व के मोर्चे पर पार्टी को इन दिनों नसीहत देने में जुटे हुए हैं।

 

#राशिद अल्वी

Source : Agency

पाठको की राय