Wednesday, October 21st, 2026

अपनी ही कंपनी की कोरोना वैक्‍सीन लगी तो ऐसा था नताशा पूनावाला का रिएक्‍शन

नई दिल्‍ली
सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की एक्‍जीक्‍यूटिव डायरेक्‍टर नताशा पूनावाला ने भी कोविड टीका लगवा लिया है। उन्‍होंने इंस्‍टाग्राम पर यह जानकारी दी। पूनावाला ने लिखा कि "टीका लेकर गर्व महसूस कर रही हूं। स्‍थानीय और अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर ट्रायल पूरे होने के बाद, कोविशील्‍ड टीकों को सुरक्षित और प्रभावी माना गया था।" नताशा SII के सीईओ अदार पूनावाला की पत्‍नी हैं। नताशा ने विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन (WHO) से लेकर गेट्स फाउंडेशन तक को धन्‍यवाद देते हुए कहा कि उनकी बदौलत ही COVAX प्रोग्राम को सीरम इंस्टिट्यूट वैक्‍सीन डिलिवर कर पाया। SII ने 'कोविशील्‍ड' नाम से वैक्‍सीन बनाई है जिसका डिवेलपमेंट ऑक्‍सफर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश मेडिकल फर्म अस्‍त्राजेनेका ने मिलकर किया था।

अदार पूनावाला ने जनवरी में लगवाई थी वैक्‍सीन
SII के सीईओ अदार पूनावाला ने 16 जनवरी को अपनी कंपनी की बनाई Covishield लगवाई थी। उन्‍होंने वैक्सीन लगवाने का वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया था। पूनावाला ने कहा कि "मुझे खुशी और गर्व है कि मैं इसका हिस्सा बना हूं। मुझे उम्मीद है कि देश में कोरोना वैक्सीनेशन को पूरी सफलता मिलेगी।" 

जून तक एक और वैक्‍सीन लॉन्‍च करेगा SII
SII ने जून तक अपनी नई वैक्सीन, कोवोवैक्स लॉन्च करने की घोषणा की है। पूनावाला ने जनवरी में कहा था कि नोवावैक्स के साथ कोविड-19 वैक्सीन के लिए हमारी साझेदारी ने बेहतरीन प्रभावी नतीजे दिए हैं। नया टीका कोवोवैक्स के ब्रांड नाम के तहत लॉन्च किया जाएगा, जिसे SII नोवावैक्स के साथ साझेदारी में बना रही है। इसे ब्रिटेन में चल रहे एक शोध के शुरुआती निष्कर्षों के आधार पर वायरस के नए स्ट्रेन के खिलाफ 89 प्रतिशत प्रभावी पाया गया है।

शुरू हुआ कोरोना वैक्‍सीनेशन का दूसरा चरण
देश में 60 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए टीकाकरण शुरू हो गया है। ऐसे लोग जिनकी उम्र 45 साल से ज्यादा है, साथ ही वे अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं, को भी टीका लगने लगा है। प्राइवेट हॉस्पिटलों में कोरोना के टीकाकरण के लिए 250 रुपये की अधिकतम सीमा तय की गई है। इस तरह कोरोना टीके की दो खुराक के लिए आपको 500 रुपये देने होंगे। सरकारी अस्‍पतालों में टीका फ्री लगेगा।

 

#अपनी

Source : Agency

पाठको की राय