Friday, October 23rd, 2026

 शहरों को मिलेगी विरासत कचरे से मुक्ति, राजधानी से होगी शुरुआत

पटना 
बिहार के शहरों को कचरे के उन ऊंचे-ऊंचे ढेरों से मुक्ति मिलेगी। यह कूड़े के वे ढेर हैं, जो सालों से बढ़-बढ़कर पहाड़ बन चुके हैं। राजधानी पटना से इसकी शुरुआत की जा रही है। राज्य में सबसे पहले विरासत कचरे (लीगेसी वेस्ट) के ट्रीटमेंट का काम पटना से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पटना के बाद मुजफ्फरपुर में विरासत कचरे के ट्रीटमेंट का काम शुरू होगा।

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) विरासत कचरे को लेकर बेहद गंभीर है। ट्रिब्यूनल का आदेश है कि सभी शहरी निकाय अपने यहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं। यह नियमावली कचरा और मलबा प्रबंधन से जुड़ी है। राज्य के शहरी निकायों की बात करें तो इस दिशा में काम तो शुरू हुआ है मगर मंजिल अभी काफी दूर है। किसी भी शहर में कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था न होने के कारण कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। वर्षों या यूं कहें कि दशकों से लग रहे इन ढेरों को विरासत कचरा नाम दिया गया है।

 

Source : Agency

पाठको की राय