वैक्सीनेशन सेंटर पर पहले वैक्सीन लगाने को युवकों ने किया जमकर हंगामा, धमकाकर ले गए खाली वायल
छिबरामऊ (कन्नौज)
कन्नौज जिले के छिबरामऊ सीएचसी पर पहले वैक्सीन लगवाने को लेकर कुछ युवकों ने उपद्रव किया। अस्पताल में तोड़फोड़ की और अभिलेख फाड़ दिए। स्टाफ को धमकाकर वह वैक्सीन की खाली वायल उठा ले गए। इस मामले में दो युवकों को नामजद करते हुए पांच अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन की तरह काउंसलर महेंद्र कुमार सिंह की देखरेख में वैक्सीन लगाने का काम किया जा रहा था। भीड़ को देखते हुए वैक्सीन कम थी, काउंसलर के मुताबिक तभी वहां मोहल्ला बनवारीनगर के अभिषेक चतुर्वेदी और अर्पित चौबे अपने चार-पांच साथियों के साथ पहुंचे और जल्दी वैक्सीन लगाने का दबाव बनाने लगे। उनकी बात नहीं मानी तो उन लोगों ने हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
रोकने पर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट पर उतारू हो गए। अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने बचाने की कोशिश की तो डंडे और ईंट लेकर मारने दौड़ पड़े। उन्होंने राजकीय अभिलेख रजिस्ट्रेशन पंजीका को फाड़ दिया और वहां रखी वैक्सीन की खाली वायल भी उठाकर ले गए।
स्वास्थ्यकर्मियों ने नाराजगी जताते हुए आरोपितो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कोतवाली पहुंचे और एफआईआर के लिए तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पाठको की राय