मई में है सिपाही देवेंद्र की बहन की शादी, खुशियों की जगह परिवार में छाया मातम
कासगंज
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में कुर्की की नोटिस चस्पा करने के दौरान शराब माफिया के दुस्साहसी हमले में मारे गए देवेन्द्र की छोटी बहन प्रीति की शादी मई में तय है। घर पर शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन अचानक इस दु:खद वारदात के बाद अब मातम पसरा है। किसे मालूम था कि शादी की तैयारियों में जुटे परिवार को यह दिन देखना पड़ेगा। देवेंद्र जसावत के पिता महावीर सिंह किसान हैं। देवेंद्र अपने पिता के इकलौते बेटे थे। ग्रामीणों ने बताया कि शमसाबाद थाना क्षेत्र का एक युवक कासगंज में सिपाही है। वह देवेंद्र का दोस्त है। उसने ही उनके साथ हुई घटना की जानकारी गांव में फोन पर दी थी। जैसे ही देवेंद्र के परिजनों को घटना की जानकारी हुई घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में रिश्तेदार और गांव के कुछ लोगों ने महावीर सिंह को साथ लिया और कासगंज के लिए रवाना हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि देवेंद्र विवाहित थे। वर्ष 2016 में शादी हुई थी। पत्नी का नाम चंचल है। पति की मौत की खबर से पत्नी को गहरा धक्का लगा है। उनकी हालत किसी से देखी नहीं जा रही है। दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी वैष्णवी तीन साल की है। छोटी बेटी महज चार माह की है। देवेन्द्र ने पांच साल पहले पुलिस फोर्स ज्वाइन की थी। वर्तमान में उसकी तैनाती कासगंज जिले के सिढ़पुरा थाने पर थी। 23 वर्षीय देवेन्द्र अपनी बहन की शादी को लेकर काफी उत्साहित था। वह रोज अपने घर पर आगरा में बात कर परिवार से शादी की तैयारियों के बारे में बात करता था। इस साल मई में शादी तय थी। पिछली बाद जब वह आगरा गया था तो जल्द छुट्टी लेकर वापस लौटने की बात कह कर लौटा था लेकिन किसे पता था कि परिवार की खुशियों पर इस तरह ग्रहण लग जाएगा।

पाठको की राय