भागलपुर में रंगदारी नहीं दी तो बदमाशों ने दुकानदार पर चलाई गोली
नाथनगर(भागलपुर)
बिहार के भागलपुर जिले में खाद दुकानदार ने रंगदारी देने से मना किया तो अपराधियों ने दुकानदार पर फायरिंग कर दी। घटना जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित मुख्य बाजार में गुरुवार की है। अपराधी रूपेश यादव हथियार लहराते हुए अपने गुर्गों के साथ नसरतखानी निवासी बलवीर मंडल के खाद-बीज भंडार में घुस गया और रंगदारी नहीं देने की बात कहते हुए फायरिंग कर दी। बलवीर व एक निजी कंपनी के कर्मी सारण कुमार और सहकर्मी किशन कुमार की जान बाल-बाल बच गयी। गोलीबारी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में रूपेश गोली चलाते दिख रहा है। हालांकि रूपेश ने अपने चेहरे को गमछे से ढक लिया था।
दुकानदार बलवीर मंडल ने बताया कि जब एक गोली से उसकी जान नहीं गयी तो उसने दूसरी गोली लोड करना शुरू कर दिया। जब रूपेश को पकड़ने के लिए बलवीर और दुकान के कर्मी दौड़े तो रूपेश ने हाथ में बम निकाल लिया। सामने आ रहे लोगों के ऊपर पटकने की धमकी दी। इससे सभी दुकानदार डर गए और बचने के लिए छिप गए। चंद मिनटों के लिए पूरे बाजार से भीड़ गायब हो गयी। जाते-जाते रूपेश यादव ने पूरे बाजार में आग लगाने और उड़ाने की धमकी दी।
नाथनगर इंस्पेक्टर मो. सज्जाद हुसैन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में रूपेश यादव की पहचान हुई है। पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया है। वहीं पुलिस सूत्रों का यह भी कहना है कि रूपेश यादव को शक था कि बलवीर मंडल उसके बारे में पुलिस को जानकारी देता है, इसलिए वह धमकाने के लिए गया था।

पाठको की राय