पाकिस्तान की नापाक हरकतों को लेकर केंद्र सरकार से अलर्ट रहने को कहा: कैप्टन अमरिंदर
चंडीगढ़
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि अशांत पंजाब पाकिस्तान की नीति को सूट करता है। सीएम अमरिंदर ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों को लेकर केंद्र सरकार से अलर्ट रहने को भी कहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि किसान आंदोलन शुरू होते ही पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की कोशिश की जा ही है और वह राज्य में लगातार हथियार, पैसे और हेरोइन भेज रहा है।
कैप्टन अमरिंदर ने कहा, 'पाकिस्तान के पास स्लीपर सेल हैं जिन्हें वह कभी भी इस्तेमाल कर सकता है। सरकार को हर वक्त सतर्क रहना चाहिए। मैं लंबे समय से केंद्र को इस बारे में बता रहा हूं कि पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश कर रहा है। उनके हथियार यहां आ रहे हैं। एक अशांत पंजाब पाकिस्तान की नीतियों को सूट करता है।' कैप्टन ने कहा कि बीते साल अक्टूबर में जबसे किसानों ने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन शुरू किया है तबसे पाकिस्तान की ओर से भेजे जा रहे हथियारों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो गई है। उन्होंने कहा कि बीते साल नवंबर में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान भी पाकिस्तान की अशांति फैलाने की कोशिश को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी।
उन्होंने कहा, 'अक्टूबर में किसान आंदोलन शुरू हुआ और तभी पंजाब में पाकिस्तान से बड़ी संख्या में हथियार आने लगे। ड्रोन पंजाब भेजे जाने लगे। मुझे इससे चिंता हुई क्योंकि वे ड्रोन जो हथियार लेकर आ रहे थे उनका कोई मकसद था। वे यहां तोहफे के तौर पर नहीं आए थे। हम 30 ड्रोन पकड़ लेंगे लेकिन ऐसे भी भी 20-30 ड्रोन होंगे जो हमारी नजरों से बच निकलें और अपना मकसद पूरा करें।' कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, 'मेरे पश्चिमी सीमा पर एक दुश्मन देश है और उत्तर में चीन है। ये दोनों देश मिलीभगत करेंगे। हमारी 20 प्रतिशत सेना इन इलाकों में है और हम उनके हौसले को कमजोर नहीं पड़ने दे सकते। मुझे लगता है कि हमें ऐसी खबरें नहीं दिखानी चाहिए जिनसे इन सैनिकों का मनोबल टूटे।'

पाठको की राय