पांच और छह फरवरी को हो सकती है बारिश
गोरखपुर
पूर्वी यूपी में शीतलहर का प्रकोप कम होता नजर नहीं आ रहा है। साइबेरिया से आ रही ठंडी हवाओं के साथ अब पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इस कारण फरवरी के पहले हफ्ते में बारिश होगी। इसके बाद मौसम एक बार फिर करवट लेगा। सर्दी के साथ ही गलत बढ़ेगी।
रूस के साईबेरिया से आ रही ठंडी हवाएं पूर्वी यूपी में कहर बरपा रही है। जनवरी में सर्दी में अपने चरम पर है। पिछले आठ दिनों से दिन व रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। रविवार को भी मौसम बेहद सर्द रहा। दिन का तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम है। रात का तापमान भी छह डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस कम है। लगातार सातवें दिन पछुआ चली। हवा की रफ्तार नौ किलोमीटर प्रति घंटे रही।
सक्रिय हो रहा है पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि पूर्वी यूपी में मौसम जल्द राहत नहीं देगा। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह दो फरवरी को जम्मू-कश्मीर में सक्रिय होगा। उसके कारण पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज बदलेगा। आगामी 5 व 6 फरवरी को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ छीटें पड़ सकते हैं।

पाठको की राय