Friday, October 23rd, 2026

 जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत मामले में पांच दिन बाद अब जांच शुरू

मुजफ्फरपुर 
बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित कटरा जहरीली शराब कांड की जांच पांच दिनों के बाद शुरू हो सकी है। इसकी जांच का जिम्मा अब सर्किल इंस्पेक्टर नवीन कुमार को सौंपा गया है। इससे पहले तत्कालीन कटरा थानेदार सिकंदर कुमार को जांच अधिकारी बनाया गया था। मामले में उनकी लापरवाही मिलने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद एसएसपी जयंतकांत के निर्देश पर डीएसपी पूर्वी मनोज पांडेय ने कटरा सर्किल इंस्पेक्टर को केस का आईओ नियुक्त किया है। 

इंस्पेक्टर ने निलंबित थानेदार से केस का चार्ज लेकर बुधवार से जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि एसएसपी व डीएसपी से मिले दिशा-निर्देश पर छानबीन कर रहे हैं। फरार शराब माफिया मुकेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तारी नहीं होने पर इश्तेहार व कुर्की जब्ती की प्रक्रिया कोर्ट से अनुमति लेकर की जाएगी। डीएसपी पूर्वी मनोज पांडेय ने बताया कि मामला गंभीर है। इसे लेकर इंस्पेक्टर को जांच की जिम्मेवारी दी गई है। समय-समय पर एसएसपी और वह खुद कांड की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई के संबंध में आईओ को निर्देश देंगे। 
 

 

# जहरीली शराब

Source : Agency

पाठको की राय