आज संसद में हंगामे के आसार, राज्यसभा में पेश होंगे ये प्रमुख बिल
नई दिल्ली
संसद का बजट सत्र चल रहा है, सोमवार को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया था, इससे पहले शुक्रवार को बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से हुई थी। जिसका बहिष्कार कांग्रेस समेत 18 दलों ने की थी। आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी लेकिन इससे पहले ही राज्यसभा में तीन सासंदों ने कृषि कानूनों के खिलाफ कार्य स्थगन प्रस्ताव दिया है, जिसकी वजह से आज संसद में जोरदार हंगामे होने के आसार हैं। यहां आपको ये बता दें कि जिन तीन सांसदों ने स्थगन प्रस्ताव दिया है , उनके नाम हैं नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा और आरजेडी सांसद मनोज झा। इन तीनों नेताओं ने नियम 267 के तहत स्थगन प्रस्ताव दिया है।
आज राज्यसभा में पेश होंगे ये बिल मालूम हो कि बजट सत्र में आज राज्यसभा में महापत्तन प्राधिकरण विधेयक, मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (संशोधन) बिल, और नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थ केयर प्रोफेशनल बिल, 2020 को पेश किया जाएगा। नए कृषि कानून को लेकर हो सकता है हंगामा गौरतलब है कि केंद्र सरकार बीते साल जून में तीन नए कृषि कानून लेकर आई थी, जिनमें सरकारी मंडियों के बाहर खरीद, अनुबंध खेती को मंजूरी देने और कई अनाजों और दालों की भंडार सीमा खत्म करने जैसे प्रावधान किए गए हैं।
इसको लेकर किसान जून के महीने से लगातार आंदोलनरत हैं और इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। किसानों का आंदोलन जून, 2020 से नवंबर तक मुख्य रूप से हरियाणा और पंजाब में चल रहा था। सरकार की ओर से प्रदर्शन पर ध्यान ना देने की बात कहते हुए 26 नवंबर को किसानों ने दिल्ली के लिए कूच कर दिया। इसके बाद 26 नवंबर, 2020 से देशभर के किसान दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले सिंधु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर गाजीपुर बॉर्डर और दिल्ली के दूसरे बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं।

पाठको की राय