Wednesday, October 21st, 2026

 आज और कल गरज के साथ बारिश के आसार 

पटना 
अचानक बदली मौसमी परिस्थतियों की वजह से बिहार में आज यानी शुक्रवार व शनिवार को बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में एक-दो जगहों पर जबकि शनिवार को लगभग सभी जिलों में कई जगहों पर बारिश के आसार हैं।

 दरअसल, मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ के रास्ते झारखंड होकर एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। साथ ही दक्षिणी बिहार व अन्य हिस्सों में काफी मात्रा में नमी का भंडारण हुआ है। इससे गरज-तड़क के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। चूंकि सूबे के शहरों का तापमान काफी ऊपर नहीं गया है, इस वजह से बारिश की तीव्रता अधिक नहीं होकर हल्की होगी। हालांकि, बारिश के बाद एक बार फिर अधिकतम तापमान में गिरावट के आसार हैं।

इधर, पिछले तीन दिनों से धूप निकलने की वजह से राज्य के सभी शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। पटना सहित अन्य शहरों में गुरुवार को धूप खिली और दोपहर में लोग बिना ऊनी कपड़ों के सड़क पर देखे गए। पटना में अधिकतम पारा सामान्य से चार डिग्री तक ऊपर चला गया है। मौसमविदों के मुताबिक न्यूनतम तापमान भी ऊपर चढ़ा है, हालांकि, तापमान अब भी सामान्य से दो-तीन डिग्री तक नीचे है।

इधर, कई दिनों बाद राज्य के लगभग सही हिस्से कोल्ड डे या शीतलहर की चपेट से बाहर निकले हैं। गया व मुजफ्फरपुर में भी मौसम में सुधार हुआ। राज्य में सबसे कम न्यूनतम पारा शेखपुरा में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सूबे के सभी जिलों में धूप की स्थिति बेहतर रही लेकिन शाम ढलते ही ठंड बढ़ी। कोहरे में काफी कमी आई है, जिससे विजिबिलिटी में सुधार हुआ है। पटना एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं भी पहले की अपेक्षा काफी सुधरी है।

 

#बारिश के आसार 

Source : Agency

पाठको की राय