Monday, October 19th, 2026

PM बोरिस जॉनसन ने गणतंत्र दिवस पर भारत नहीं आएंगे

लंदन  

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारत का दौरा रद्द कर दिया है। न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने इसकी जानकारी दी है। ब्रिटेन में कोरोना का नए स्ट्रेन आने के बाद से ही जॉनसन के भारत दौरे पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। बता दें कि भारत ने गणतंत्र दिवस के लिए ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर बुलावा भेजा था, जिसे जॉनसन ने दिसंबर महीने में स्वीकार कर लिया था। उनके कार्यालय की ओर से यह जानकारी दी गई थी।

पीएम मोदी से बातचीत के दौरान पीएम जॉनसन ने कहा है कि उनके लिए यूके में रहना महत्वपूर्ण है ताकि वह वायरस को रोकने के लिए ध्यान केंद्रित कर सकें। फोन पर बातचीत में दोनों देशों के नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। बोरिस जॉनसन ने पीएम मोदी से कहा कि वह 2021 की पहली छमाही में भारत का दौरा करने में सक्षम होने की उम्मीद करते हैं। बता दें कि पिछले साल 15 दिसंबर को ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने संवाददाताओं से बाततीच में कहा था कि हमारे प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।

गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने के निमंत्रण को ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जानसन द्वारा स्वीकार करने पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था यह भारत ब्रिटेन संबंधों के नए युग की शुरूआत का प्रतीक होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 नवंबर को टेलीफोन पर बातचीत के दौरान जॉनसन को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया था। भारत में किसी भी ब्रिटिश प्रधानमंत्री को गणतंत्र दिवस के मौके पर लंबे समय बाद बुलाया गया था। आखिरी बार साल 1993 में ब्रिटेन के पीएम जॉन मेजर गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बने थे।

 

#बोरिस जॉनसन

Source : Agency

पाठको की राय