Wednesday, October 21st, 2026

सड़क दुर्घटनाओं में कमी के लिये सशक्त यातायात प्रबंधन आवश्यक-एडीजी सागर

 भोपाल

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (पीटीआरआई) डी.सी सागर ने कहा है कि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये सशक्त यातायात प्रबंधन की आवश्यकता है। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर जन हानि को रोका जा सकता है। सागर ने जिलों के पुलिस अधीक्षकों को तमिलनाडू में किये गये प्रयासों से अवगत कराते हुए उक्त निर्देश दिए।

एडीजी सागर ने सड़क दुर्घटना के संभावित कारणों एवं प्रयासों से अवगत कराते हुए कहा कि तमिलनाडू में यातायात नियमों का दृढ़ता और कडाई से पालन कराया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लायसेंस निलबंन की कार्यवाही व्यापक रूप से की गई। राजमार्गों पर ट्रॉमा केयर सेंटर स्थापित किये गये। एक्सीडेंट एवं इमरजेंसी केयर इनीशियेटिव को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ जनता को भी जोड़ा गया।

एडीजी सागर ने प्रदेश में सशक्त यातायात प्रबंधन के लिये रोड एक्सीडेंट डाटा मेनेजमेंट सिस्टम (RADMS) सॉफ्टवेयर के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का संधारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने डेली सिचुएशन रिपोर्ट में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी का प्रतिदिन विश्लेषण करने और दुर्घटनाओं की समुचित रोकथाम के दिशा-निर्देश दिये।

वर्ष 2020 में सड़क दुर्घटनाओं में 10.7 प्रतिशत की आई कमी

एडीजी सागर ने बताया कि वर्ष 2020 में वर्ष 2018 एवं 2019 की तुलना में घटित सड़क दुर्घटनाओं में 10.7 प्रतिशत की कमी आई है। इस अवधि में घटित दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में भी तुलनात्मक रूप से एक प्रतिशत की कमी आई है। सागर ने बताया कि उपरोक्त अवधि में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की संख्या में 12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

 

#सड़क दुर्घटनाओं

Source : Agency

पाठको की राय