सेंसेक्स 609.83 अंकों की तेजी के साथ 52,154.13 के रेकॉर्ड हाई पर
मुंबई
सप्ताह के पहले दिन सोमवार को शेयर बाजारों में शानदार तेजी देखने को मिली। BSE का सेंसेक्स 609.83 अंकों की तेजी के साथ 52,154.13 के रेकॉर्ड हाई पर बंद हुआ। वहीं NSE का निफ्टी 151.40 अंकों की तेजी के साथ पहली बार 15,314.70 पर बंद हुआ। सोमवार को सेंसेक्स करीब 363 अंकों की शानदार तेजी के साथ 51,907 अंकों के रेकॉर्ड स्तर पर खुला और शुरुआती चंद मिनटों के कारोबार में ही सेंसेक्स में तगड़ी तेजी आई और उसने 52 हजार का स्तर तोड़ते हुए 52052 का आंकड़ा छू लिया। पूरे दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 52,235.97 का उच्च स्तर और 51,886.46 का निम्न स्तर छुआ।
वहीं निफ्टी करीब 107 अंकों की तेजी के साथ 15,270 अंकों के स्तर पर खुला। शुरुआती चंद मिनटों के कारोबार में ही निफ्टी (Nifty record high) भी 15,300 के स्तर को पार कर गया। शुक्रवार को सेंसेक्स 51,544 के स्तर पर और निफ्टी 15,163 के स्तर पर बंद हुआ था।
किन शेयरों में रही तेजी और कौन टूटा
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से कारोबार बंद होने पर सबसे ज्यादा तेजी एक्सिस बैंक के शेयरों में देखी गई। आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी लिमिटेड और बजाज फिनर्व के शेयर भी अच्छी तेजी के साथ बंद हुए। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज ऑटो, टाइटन, टेक महिन्द्रा, एशियन पेंट, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी, एचसीएल टेक और डॉ. रेड्डीज के शेयर लाल निशान में बंद हुए।

पाठको की राय