Wednesday, October 21st, 2026

रविचंद्रन अश्विन ने जड़ा शतक , इयान बॉथम के बाद दूसरे नंबर पर पहुंचे

चेन्नै
भारतीय स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में तीसरी बार पांच विकेट लेने के साथ-साथ शतक भी लगाया है। ऐसा करने वाले वह एकमात्र भारतीय और टेस्ट इतिहास के छठे खिलाड़ी हैं। 34 वर्षीय अश्विन ने चेन्नै के एमए चिदंबरम स्टेडियम में इंग्लैंड के साथ जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को यह उपलब्धि हासिल की। अश्विन ने 134 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया।

बॉथम हैं टॉप पर
अश्विन के टेस्ट करियर का यह पांचवां शतक है। उन्होंने इन पांच शतकों में से तीन बार पांच विकेट भी लिए हैं। अश्विन सर्वाधिक बार ऐसा करने वाले इंग्लैंड के इयान बॉथम के बाद दूसरे क्रिकेटर बन गए हैं।

बॉथम ने अपने करियर में पांच बार किसी टेस्ट क्रिकेट मैच में पांच विकेट लेने के साथ साथ शतक भी जमाया था। अश्विन ने सबसे पहले यह कारनामा नवंबर 2011 में मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ किया था। तब उन्होंने 103 रन की शतकीय पारी खेलने के अलावा 156 रन देकर पांच विकेट भी चटकाए थे।

भारतीय ऑफ स्पिनर ने इसके बाद जुलाई 2016 में किंग्सटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही 113 रन की शतकीय पारी खेलने के अलावा 83 रन देकर सात विकेट हासिल किए थे।

बॉथम और अश्विन के अलावा वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान गैरी सोबर्स, पाकिस्तान के मुश्ताक मोहम्मद,दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक्स कॉलिस और बांग्लादेश के हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन दो-दो बार टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लेने के साथ साथ शतक भी लगाने की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

 

#रविचंद्रन अश्विन

Source : Agency

पाठको की राय