Tuesday, October 20th, 2026

पर्यावरण मंत्री डंग ने किया निर्माणाधीन गौ-शाला का निरीक्षण

 भोपाल

पर्यावरण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री  हरदीप सिंह डंग ने आज मंदसौर जिले के लारनी गाँव में निर्माणाधीन गौ-शाला का निरीक्षण किया। एक एकड़ में बनने वाली गौ-शाला के साथ 5 एकड़ में गायों के लिये चारागाह का भी विकास किया जायेगा।  डंग ने निर्धारित समय-सीमा में गौ-शाला का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।  डंग ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ को माता का दर्जा प्राप्त है। गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना जाता है। गौ-शाला बन जाने पर बेसहारा गायों को आश्रय मिलेगा और सड़क पर न बैठने से दुर्घटनाओं में भी कमी आयेगी।

पर्यावरण मंत्री  डंग इन दिनों मंदसौर जिले के गाँवों का सघन भ्रमण कर रहे हैं।  डंग ने ग्राम कचनारा में पेयजल योजना का शुभारंभ भी किया। मंत्री  डंग ने गाँव बेटीखेड़ी, सुलतानिया, देवरी, फतेहगढ़, छलारा, आभाखेड़ी, खानूखेड़ा, कोटड़ी मांडा, खजूरी मांडा, रिस्थल, खेजड़िया, नयाखेड़ा, करंडिया, बेलारा ढिकनिया आदि ग्रामों में पहुँचकर ग्रामीणों से चर्चा की।

 

Source : Agency

पाठको की राय