जम्मू-कश्मीर में 4G इंटरनेट सेवा बहाल हुई
जम्मू
जम्मू कश्मीर प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए करीब डेढ़ साल बाद पूरे राज्य में 4जी मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल कर दी है। प्रमुख सचिव (बिजली और सूचना) रोहित कंसल ने शुक्रवार शाम यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद 5 अगस्त, 2019 से इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। हालांकि पिछले साल 25 जनवरी को 2जी सेवा बहाल कर दी गई थी। सामान्य जनजीवन को पूरी तरह से पटरी पर लाने के लिए अब 4जी इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बहाल कर दी गई है।
कम संवेदनशील जिलों में ट्रायल बेस पर चालू था 4जी
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले साल जम्मू कश्मीर के कम संवेदनशील इलाकों में ट्रायल बेसिस पर 4जी सेवा बहाल की गई थी। इसके बाद अब पूरे राज्य में यह सेवा बहाल हो गई है। बता दें कि 6 मई, 2020 को पुलवामा एनकाउंटर में हिजबुल के कमांडर रियाज नाइकू के मारे जाने के बाद 2जी इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई थी। करीब हफ्ते भर बाद पुलवामा में इंटरनेट चालू हुआ था।

पाठको की राय