Wednesday, October 21st, 2026

चर्चित रूपेश हत्याकांड में जिस रितुराज को गिरफ्तार किया है करोड़ों की संपत्ति के हकदार 

पटना                                                                                   
28 साल के रितुराज के पिता मनोरंजन कुमार नौबतपुर में ईंट भठ्ठा चलाते हैं। घर में रुपये-पैसे की कोई कमी नहीं है। पटना पुलिस ने चर्चित रूपेश हत्याकांड में जिस रितुराज को गिरफ्तार किया है, वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है। एसएसपी उपेंद्र शर्मा के मुताबिक आदर्श कॉलोनी में उसका करोड़ों का मकान है। इलाके में उसकी छवि दबंग की है। वह अपने घर में ही पिस्टल रखता था। मां-बाप को इसकी जानकारी थी। पुलिस के सामने खड़े रितुराज के पिता मनोरंजन ने बताया कि एक बार उन्होंने बेटे की इन हरकतों का विरोध किया था। लेकिन उसने पिस्तौल तान दी थी। वह साइको था। उसने अपनी मां से कहा कि वह पिता को उसके काम में रोक-टोक करने से मना कर दें। 

उपन्यास भी पढ़ता था
रितुराज अपने घर में उपन्यास पढ़ता था। उसे हर विषय के बारे में जानकारी थी। उसका सामान्य ज्ञान भी बहुत अच्छा था। जब पुलिस अफसरों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में आने वाले कुछ सवाल दागे तो रितुराज ने फौरन उसका जवाब दिया। 

पुलिस के सामने अंग्रेजी में की बात 
यहां तक कि पूछताछ के दौरान उसने पुलिस के सामने अंग्रेजी में बात की। कई सवालों के जवाब अंग्रेजी में ही दिये। पढ़ा-लिखा होने के कारण उसे पता था कि वह पुलिस को किस तरह से चकमा दे सकता है। 

अखबारों से पता चला कौन थे रूपेश 
रितुराज ने घटना के अगले ही दिन अखबारों को पढ़ा। उनकी हत्या की खबरों को देखकर उसे पता चला कि रूपेश इंडिगो के मैनेजर थे। उनकी जान-पहचान ऊपर तक थी। इसके बाद उसे लगा कि यह मामला हाईप्रोफाइल हो गया है फिर वह 13 तारीख को ही भाग निकला। 

बैंक में करता था काम 
हत्या का आरोपित रितुराज दिल्ली स्थित एक बैंक में काम करता था। उसने कॉल सेंटर में भी काम किया है। इसके बाद वर्ष 2016 में वह पटना आ गया। यहां उसने बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू किया। 

टाइमलाइन
12 जनवरी को पुनाईचक में हुई रूपेश सिंह की हत्या 
13 जनवरी को एसआईटी का गठन, जांच शुरू 
27 जनवरी को पुलिस ने रूपेश के कातिल की पहचान किया 
दो फरवरी को पुलिस ने रितुराज को गिरफ्तार किया 
तीन फरवरी को एसएसपी ने रूपेश हत्याकांड का खुलासा करने का किया दावा 

 

#रितुराज

Source : Agency

पाठको की राय