एकतापुरी गोली कांड: बल्लू व विनय यादव के खिलाफ माधवगंज थाना पुलिस ने किया मामला दर्ज
ग्वालियर। एकतापुरी में तुषार के घर के सामने बुधवार की रात को गोली चलाने वाले बल्लू व विनय यादव के खिलाफ माधवगंज थाना पुलिस ने गुरुवार की रात को प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। एकतापुरी निवासी तुषार उर्फ कैंडी पुत्र ओमप्रकाश तिवारी ने बुधवार की रात को माधवगंज थाने में शिकायत की थी कि बल्लू व विनय यादव बाइक से उसके घर आए। दोनों आरोपित घर के सामने उसका नाम लेकर अपशब्द बोल रहे थे। फरियादी ने बताया कि वह दोनों को समझाने के लिए घर के बाहर आया। उसी समय आरोपितों ने उस पर कट्टे से फायर कर दिया। निशाना चूक जाने के कारण वह बच गया। फायर करने के बाद दोनों आरोपित मौके से भाग गए। तुषार ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका चाय के होटल पर झगड़ा हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने झगड़े को शांत करा दिया था। उसी झगड़े की रंजिश के चलते आरोपितों ने उसे डराने के लिए फायर किया है। माधवगंज थाना पुुलिस ने शुरुआती जांच के बाद प्रकरण दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

पाठको की राय